news-details

शादीशुदा निकला दूल्हा, टॉवर पर चढ़ा भाई: दहेज वापसी की मांग पर अड़ा युवक, कुशीनगर में हड़कंप

You can share this post!

Pardarshi Vikas News Kushinagar

कुशीनगर के कसया थाना क्षेत्र के डुमरी गांव में शुक्रवार को एक युवक द्वारा मोबाइल टावर पर चढ़कर विरोध जताने से हड़कंप मच गया। 20 वर्षीय अजहरुद्दीन अंसारी अपनी बहन के साथ कथित उत्पीड़न और दहेज प्रताड़ना के विरोध में सुबह करीब 10:30 बजे टावर पर चढ़ गया और न्याय की मांग करने लगा।

अजहरुद्दीन का आरोप है कि उसकी बहन रुबीना की शादी 13 अप्रैल 2025 को शंकरपुर गोरठ निवासी अहमद रजा से हुई थी। शादी में लगभग 10 लाख रुपये का खर्च आया था, जिसके लिए परिवार ने खेत तक गिरवी रख दिया था। शादी के बाद पता चला कि दूल्हा पहले से ही एक हिंदू लड़की से विवाह कर चुका है। यह जानकारी छुपाकर शादी की गई थी।

युवक के अनुसार, शादी के बाद उसकी बहन को लगातार प्रताड़ित किया गया और दहेज में अतिरिक्त पैसे की मांग की जाती रही। विरोध करने पर उसे घर से निकाल दिया गया, जिसके बाद से वह मायके में रह रही है। परिवार का आरोप है कि कई बार पुलिस से शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई।

इसी नाराजगी में युवक ने टावर पर चढ़कर दहेज में दिए गए पैसे और सामान की वापसी की मांग की। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। करीब ढाई घंटे तक समझाने के बाद युवक दोपहर लगभग 12 बजे नीचे उतर आया।

पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाकर बातचीत शुरू कर दी है और मामले में कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।