
PARDARSHI VIKASH NEWS कानपुर देहात: महिला एवं बालिका संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मूसानगर पुलिस ने शादी का झांसा देकर नाबालिग से दुष्कर्म करने के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज था।मामला मूसानगर थाना क्षेत्र के क्योटरा बांगर गांव का है। पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 65(1) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4(2) भी मुकदमे में जोड़ी गई। जांच में सामने आया कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर नाबालिग पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया था।आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। विशेष अभियान के तहत मूसानगर पुलिस ने बिबियापुर मोड़ के पास से आरोपी कपिल, निवासी क्योटरा बांगर, को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने आरोपी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि महिला एवं बालिका संबंधी अपराधों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे मामलों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।