
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र में एक युवती ने युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने, गर्भवती होने पर धोखे से गर्भपात कराने और बाद में दहेज की मांग कर शादी से इनकार करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर आरोपी युवक समेत अन्य नामजद लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पीड़िता के अनुसार, करीब एक वर्ष पहले उसकी पहचान भावाखेड़ा निवासी मनीष कश्यप से हुई थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध बने और युवक ने मंदिर में शादी का भरोसा देकर कई बार शारीरिक संबंध बनाए। गर्भवती होने पर आरोपी ने जल्द शादी का आश्वासन दिया, लेकिन अपने एक साथी के माध्यम से दवा खिलाकर गर्भपात करा दिया।युवती का आरोप है कि बाद में शादी की बात होने पर आरोपी के परिजनों ने दहेज की मांग की और मांग पूरी न होने पर विवाह से इनकार कर दिया। विरोध करने पर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी भी दी गई। प्रभारी निरीक्षक रामबाबू सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।