
PARDARSHI VIKASH NEWS कानपुर देहात में श्रमिकों के हितों की सुरक्षा और उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक बैठक आयोजित की गई। शुक्रवार को हुई बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी कपिल सिंह ने की, जिसमें पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडे भी मौजूद रहीं। बैठक में अपर जिलाधिकारी, उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार और श्रम विभाग के अधिकारी शामिल हुए। जिलाधिकारी ने टीमों को निर्देश दिए कि वे औद्योगिक इकाइयों और कंपनियों का नियमित भ्रमण करें तथा श्रमिकों और उद्यमियों से सीधा संवाद स्थापित करें, साथ ही श्रमिकों को श्रम विभाग की कल्याणकारी योजनाओं, न्यूनतम मजदूरी दरों और सरकारी सुविधाओं की जानकारी दी जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सभी कंपनियों और कारखानों में न्यूनतम मजदूरी दरों की सूची, हेल्पलाइन नंबर और शिकायत पेटिका अनिवार्य रूप से लगाई जाए ताकि श्रमिक आसानी से अपनी शिकायत दर्ज करा सकें। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडे ने कहा कि पुलिस विभाग श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा और जागरूकता बढ़ाने में प्रशासन को पूरा सहयोग देगा। जिलाधिकारी और एसपी ने श्रमिकों से अपील की कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और समस्या होने पर हेल्पलाइन नंबर 9984361936 एवं 7054835123 पर संपर्क करें, जिस पर प्रशासन तुरंत कार्रवाई करेगा।