news-details

श्री कृष्णोत्सव में गूंजा हरिनाम संकीर्तन, भक्ति में झूमे श्रद्धालु

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। आईआईएम रोड स्थित इमैजिन रिजॉर्ट में प्री-जन्माष्टमी के अवसर पर भव्य श्री कृष्णोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 500 से 600 श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अक्षय पात्र फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूज्य भरतर्षभ प्रभु का विशेष सान्निध्य प्राप्त हुआ। उनके साथ पूज्य कृष्ण पाद प्रभु, पूज्य श्रीनिधि गोविंद प्रभु, पूज्य भीमेश प्रभु और पूज्य तरुण कृष्ण प्रभु सहित अनेक भक्त उपस्थित रहे।कार्यक्रम का शुभारंभ भगवद्गीता के श्लोक-पाठ से हुआ। इसके बाद भजन, नृत्य, हरिनाम संकीर्तन, श्री राधा-कृष्ण का झूलन और भव्य अभिषेक सहित विभिन्न आध्यात्मिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। हरिनाम संकीर्तन के दौरान श्रद्धालु भक्ति में झूमते हुए नृत्य करते नजर आए।प्रसिद्ध युवा भजन गायक अगम अग्रवाल की प्रस्तुति कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रही। उनके लोकप्रिय भजन ‘वृंदावन मेरो वृंदावन’ पर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे और वातावरण भक्तिमय हो गया।आयोजन एवं संचालन हरे कृष्ण मंदिर, लखनऊ के भक्त अजय कृष्ण दास ने किया। मंदिर के भक्तों और स्वयंसेवकों ने व्यवस्थाओं में सहयोग दिया। इस अवसर पर वृंदावन चंद्रोदय मंदिर की आध्यात्मिक एवं सामाजिक सेवाओं की जानकारी भी दी गई। अक्षय पात्र फाउंडेशन द्वारा प्रतिदिन लाखों बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने की जानकारी साझा की गई।समापन पर श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था की गई। आयोजकों ने बताया कि उत्सव का उद्देश्य समाज को भगवान श्रीकृष्ण के पवित्र नाम, भगवद्गीता की शिक्षाओं और कृष्ण-चेतना से जोड़ना है।