
PARDARSHI VIKASH NEWS मथुरा के श्रीकृष्ण जन्मस्थान-शाही ईदगाह विवाद को लेकर चल रहा आंदोलन अब धार्मिक मंचों तक भी पहुंच रहा है। प्रसिद्ध भागवताचार्य इंद्रेश उपाध्याय की कथा के दौरान श्रीकृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह मामले के हिंदू पक्षकार महेंद्र प्रताप सिंह ने श्रद्धालुओं के सामने प्रकरण की वर्तमान स्थिति और अपने पक्ष के दावों को रखा। इस दौरान उन्होंने मौजूद श्रद्धालुओं को श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति और भव्य मंदिर निर्माण का संकल्प दिलाया।श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति न्यास के अनुसार, अधिक मास के दौरान चलाए गए जनजागरण अभियान में करीब 50 लाख श्रद्धालुओं को जन्मभूमि मुक्ति और मंदिर निर्माण का संकल्प दिलाया गया। न्यास के अध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह ने देशभर में आयोजित दो दर्जन से अधिक भागवत कथा कार्यक्रमों में हिस्सा लेकर यह संदेश पहुंचाया।अभियान के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने एक स्वर में श्रीकृष्ण जन्मभूमि को मुक्त कराने का संकल्प लिया। कथा स्थलों पर “आ गए हैं अवध बिहारी, अब आएंगे कृष्ण मुरारी” जैसे उद्घोष भी गूंजते रहे। वृंदावन के फोगला आश्रम में आयोजित कथा कार्यक्रम में कथावाचक इंद्रेश उपाध्याय और उनके अनुयायियों ने भी इस संकल्प में भाग लिया।महेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि जन्मभूमि मुक्ति के लिए प्रयास न्यायालय और जनसमर्थन दोनों स्तरों पर जारी हैं। उन्होंने दावा किया कि अदालत में ऐतिहासिक और पुरातात्विक साक्ष्य प्रस्तुत किए गए हैं। हालांकि यह मामला अभी न्यायिक प्रक्रिया में है और अंतिम निर्णय अदालत द्वारा ही लिया जाएगा।न्यास का कहना है कि अधिक मास के दौरान कथा मंचों पर दिलाई गई यह सामूहिक शपथ अब तक के सबसे बड़े जनसंकल्प अभियानों में से एक है।