
PARDARSHI VIKASH NEWS बुलंदशहर स्थित श्री सिद्ध धाम रामघाट से श्रीकृष्ण जन्मभूमि की मुक्ति की मांग को लेकर एक बाइक यात्रा निकाली गई, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए मथुरा पहुंची। यहां यात्रा का समापन केडीएस इंटरनेशनल स्कूल, सलेमपुर रोड पर आयोजित एक सभा में हुआ, जहां बड़ी संख्या में संत, श्रद्धालु और विभिन्न क्षेत्रों से आए भक्त शामिल हुए।सभा के दौरान संतों ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मूल गर्भगृह स्थल पर भव्य मंदिर निर्माण का संकल्प दोहराया और हिंदू समाज से एकजुट होने का आह्वान किया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने दावा किया कि यह आंदोलन केवल धार्मिक नहीं बल्कि सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा विषय है, जिसे लेकर समाज को संगठित होने की आवश्यकता है। इस मौके पर आंदोलन को समर्पित गीत “श्री कृष्ण जन्मभूमि मेरी शान है” भी लॉन्च किया गया।श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति न्यास के अध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट ने सभा का संचालन करते हुए ऐतिहासिक तथ्यों का उल्लेख किया और कहा कि समय-समय पर जन्मभूमि स्थल को लेकर विवाद रहे हैं। उन्होंने बताया कि देश के विभिन्न राज्यों से आए कृष्ण भक्तों की उपस्थिति यह दर्शाती है कि मंदिर निर्माण को लेकर जनभावना मजबूत है।सभा में संतों ने कहा कि 2027 में इससे भी बड़ा अभियान मथुरा लाया जाएगा। वहीं कुछ संतों ने यह भी कहा कि मूल गर्भगृह स्थल पर मंदिर निर्माण ही इस आंदोलन का प्रमुख लक्ष्य है और इसके लिए सभी सनातनियों को एकजुट होना होगा। कार्यक्रम के अंत में यात्रा का विभिन्न स्थानों पर स्वागत किया गया और धार्मिक वातावरण में आयोजन संपन्न हुआ।