news-details

शिक्षक राष्ट्र के भविष्य के निर्माता : राकेश चन्द्र शुक्ला

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ आगरा। शिक्षक दिवस के अवसर पर महामना मालवीय मिशन, आगरा संभाग की ओर से शिक्षक सम्मान एवं अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षकों के योगदान को स्मरण करते हुए उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की गई। इस अवसर पर कुछ शिक्षकों को सम्मानित भी किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं महामना पंडित मदन मोहन मालवीय के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर तथा दीप प्रज्वलित करके किया गया। इसके बाद काशी हिंदू विश्वविद्यालय का कुलगीत प्रस्तुत किया गया।मिशन के महासचिव राकेश चन्द्र शुक्ला ने कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान देने वाले नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के भविष्य के निर्माता एवं मार्गदर्शक हैं। भारत की महान गुरु-शिष्य परंपरा ने शिक्षा को संस्कार, चरित्र निर्माण और राष्ट्रभक्ति से जोड़ा है। महामना मालवीय ने शिक्षा को राष्ट्र निर्माण का आधार मानते हुए काशी हिंदू विश्वविद्यालय की स्थापना का उदाहरण प्रस्तुत किया।मिशन की उपाध्यक्ष एवं डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की प्रोफेसर नीलम यादव ने भाषा के महत्व और शिक्षक दिवस की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भाषा विचारों और संस्कारों को समाज तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है।कार्यक्रम का संचालन सांस्कृतिक प्रकोष्ठ प्रमुख श्रुति सिंह ने किया। इस अवसर पर डी.के. पांडे, डॉ. संध्या बघेल, राजीव यादव, हिमांशु सिंह, अनिल चौहान, उमेश कुमार, नम्रता विरयानी, राखी कुशवाह और डॉ. राम प्रकाश सहित अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।