
अमेठी। मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत रविवार को जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर, गौरीगंज में शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य उच्च शिक्षा विभाग के शिक्षकों एवं उनके आश्रित परिवारजनों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा से वर्चुअल माध्यम से किया। उनके संबोधन का सीधा प्रसारण कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को दिखाया गया।जनपद स्तरीय कार्यक्रम में जिलाधिकारी संजय चौहान, पुलिस अधीक्षक सरवणन टी., उपजिलाधिकारी गौरीगंज दिशा श्रीवास्तव, जिला विकास अधिकारी वीरभानु तथा जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. राजेश द्विवेदी ने लाभार्थी शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड प्रदान किए।जिलाधिकारी संजय चौहान ने कहा कि शिक्षक समाज निर्माण की आधारशिला हैं और उनकी स्वास्थ्य सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है। योजना के तहत शिक्षकों एवं उनके आश्रितों को सूचीबद्ध सरकारी और निजी अस्पतालों में कैशलेस उपचार की सुविधा मिलेगी, जिससे गंभीर बीमारी या आकस्मिक चिकित्सा की स्थिति में आर्थिक राहत मिलेगी।कार्यक्रम में डॉ. सुभाष मिश्रा, डॉ. उमेश सिंह, डॉ. सुधा शुक्ला, डॉ. पवन पांडे, डॉ. धर्मेंद्र वैश्य, डॉ. ज्योति सिंह सहित कई शिक्षकों को कार्ड वितरित किए गए। अंत में नोडल अधिकारी प्रो. डॉ. ब्रजेश सिंह ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।