
स्व. फूलमती देवी उ.मा. विद्यालय में भव्य सम्मान समारोह, विद्यार्थियों को दिए संस्कार और शिक्षा के संदेश
पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर। स्व. फूलमती देवी उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित सम्मान समारोह उस समय विशेष बन गया, जब समाजसेवी, शिक्षाविद् एवं मशहूर कवि मज़ीबुल्लाह राही को शिक्षा, साहित्य और समाजसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। समारोह में विद्यालय परिवार, छात्र-छात्राओं और अभिभावकों ने गर्मजोशी के साथ उनका स्वागत किया।विद्यालय के प्रबंधक दिनेश यादव ने सम्मान प्रदान करते हुए कहा कि समाज को नई दिशा देने वाले व्यक्तित्व हमेशा प्रेरणा के स्रोत होते हैं। उन्होंने कहा कि मज़ीबुल्लाह राही ने अपने साहित्यिक लेखन, सामाजिक कार्यों और शिक्षात्मक सोच से युवाओं को जागरूक करने का सराहनीय कार्य किया है।उन्होंने आगे कहा कि ऐसे व्यक्तित्व समाज में सकारात्मक बदलाव की नींव मजबूत करते हैं और नई पीढ़ी को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।सम्मान प्राप्त करने के बाद मशहूर कवि मज़ीबुल्लाह राही ने विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार, अनुशासन और समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह शक्ति है, जो व्यक्ति और समाज दोनों का भविष्य बदल सकती है।कार्यक्रम के दौरान प्रधान अध्यापिका गीता पाठक, अमानत खान, अमलेश सर सहित विद्यालय परिवार के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे। पूरे समारोह में उत्साह और सम्मान का माहौल बना रहा तथा तालियों की गूंज के बीच सम्मानित अतिथि का अभिनंदन किया गया।