
Pardarshi Vikas News Lalitpur
जाखलौन कस्बे के प्रतिभाशाली युवक शुभम सिंघई ने अपनी मेहनत और दृढ़ संकल्प के दम पर कमर्शियल पायलट बनकर जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। शुभम ने डीजीसीए की सभी जरूरी परीक्षाएं सफलतापूर्वक उत्तीर्ण कीं और नेशनल फ्लाइंग ट्रेनिंग एकेडमी से फ्लाइंग ट्रेनिंग पूरी की। इसके बाद उन्होंने सीएई ऑक्सफोर्ड से एयरबस ए320 विमान की टाइप रेटिंग हासिल की। अब शुभम देश की प्रमुख एयरलाइन इंडिगो में फर्स्ट ऑफिसर के रूप में नियुक्त होकर ए320 जैसे आधुनिक विमान का संचालन करेंगे। वह स्वर्गीय विरधी चंद्र सिंघई के भतीजे एवं सुनील कुमार सिंघई के पुत्र हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिवार, विशेष रूप से चाचा प्रवीण सिंघई और पत्नी के सहयोग को दिया। शुभम की प्रारंभिक शिक्षा जाखलौन के सेठ श्रीशिव प्रसाद जैन शिशु मंदिर में हुई, जबकि आगे की पढ़ाई जयपुर, ललितपुर और सागर विश्वविद्यालय से पूरी की। उन्होंने कहा कि वे युवाओं को एविएशन क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए मार्गदर्शन देंगे। उनकी सफलता युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है।