news-details

सड़क दुर्घटनाओं को रोकें, सड़कों को अतिक्रमण मुक्त करने को अभियान चलाएं:डी एम

You can share this post!

सडक सुरक्षा समिति की बैठक में डीएम ने की एक महीने के कार्यों की समीक्षा




पारदर्शी  विकास न्यूज़  अमेठी।सड़क सुरक्षा समिति की मासिक बैठक में डीएम ने सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सभी अधिकारियों को कारगर कदम उठाने के साथ सभी एस डी एम और सी ओ को नगरीय क्षेत्रों में अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। कमरौली रेलवे क्रासिंग पर चल रहे प निर्माण कार्यों को पूरा करने के लिए रेलवे को एक महीने का समय दिया है।बैठक में सर्वप्रथम गत बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन में की गई कार्यवाही की समीक्षा की गई। इसके उपरांत जिलाधिकारी द्वारा जनपद में चिन्हित ब्लैक स्पॉट, सड़क सुधार कार्यों तथा यातायात नियमों के कड़ाई से अनुपालन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रमुख मार्गों एवं संवेदनशील स्थलों पर साइन बोर्ड, स्पीड ब्रेकर, रोड पैच सुधार, रिफ्लेक्टर एवं रोड मार्किंग के कार्य शीघ्र पूर्ण कराए जाएं तथा जहां कार्य पूर्ण हो चुके हैं, उनका भौतिक सत्यापन भी सुनिश्चित किया जाए, बैठक में स्कूली वाहनों एवं बसों की नियमित जांच, फिटनेस एवं आवश्यक दस्तावेजों की जांच तथा 15 वर्ष से अधिक पुराने वाहनों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने ड्रिंक एंड ड्राइव, बिना हेलमेट एवं सीट बेल्ट वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही सड़क किनारे उगी झाड़ियों की कटाई कर दृश्यता बढ़ाने, टोल प्लाजा पर कांटा, क्रेन, कटर व एम्बुलेंस की उपलब्धता, तथा प्रमुख चौराहों पर प्रकाश व्यवस्था, संकेतक एवं चेतावनी बोर्ड दुरुस्त रखने पर विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि चालान एवं जुर्माना की कार्रवाई प्रभावी ढंग से की जाए, साथ ही जनजागरूकता अभियानों के माध्यम से आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने समस्त संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सड़क किनारे दुकानदारों द्वारा अवैध रूप से सामान फैलाकर किए जा रहे अतिक्रमण के कारण दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है, जो अत्यंत चिंताजनक है। उन्होंने इस पर प्रभावी नियंत्रण हेतु आवश्यक कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि दोबारा अतिक्रमण पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।  इसके उपरांत जिलाधिकारी ने बस स्टैंड निर्माण की प्रगति, कमरौली क्रॉसिंग के चौड़ीकरण, पोल शिफ्टिंग, पुलिस व एनएचएआई द्वारा संयुक्त रूप से रोस्टर के अनुसार पेट्रोलिंग किए जाने, गलत दिशा से आ रही गाड़ियों का चालान तथा आबादी क्षेत्र के अंतर्गत ब्लिंकिंग लाइट लगवाने के निर्देश संबंधित को दिया। बैठक में पुलिस अधीक्षक सरवणन टी, अधिशासी अभियंता निर्माण खंड रमेश चंद्र, एआरटीओ, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


टांडा बांदा राष्ट्रीय राजमार्ग पर अवारा पशुओं से दुर्घटनाएं रोकने के सख्त निर्देश दिए
बैठक में एजेंडे पर चर्चा के दौरान डी एम ने टांडा बांदा राष्ट्रीय राजमार्ग पर मुंशीगंज से गौरीगंज के बीच अवारा पशुओं के सड़क पर बैठने से हो रही दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस और एन एच आई को सख्त निर्देश दिए और कहा कि मार्ग पर पुलिस की निगरानी बढ़ाई  जाय,साथ ही जायस नगरपालिका क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को व्यापक इंतजाम किए जाएं।