
PARDARSHI VIKASH NEWS फर्रुखाबाद में गुरुवार शाम कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में सांसद मुकेश राजपूत की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधायक अमृतपुर सुशील शाक्य और भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचन्द्र वर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति की समीक्षा करना और उनके नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम तय करना था।जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने बैठक में बताया कि वर्ष 2025 में जनपद में कुल 490 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज हुईं, जिनमें 284 लोगों की मौत हुई और 379 लोग घायल हुए। उन्होंने यह भी बताया कि वर्ष 2026 में मई माह तक दुर्घटनाओं और मृतकों की संख्या में क्रमशः 20 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई है, जो गंभीर चिंता का विषय है।एआरटीओ (प्रवर्तन) सुभाष राजपूत ने बताया कि दुर्घटनाओं में दोपहिया वाहनों की हिस्सेदारी सबसे अधिक रही है। अधिकांश मामलों में हेलमेट का प्रयोग न करना मौत का प्रमुख कारण पाया गया है। पुलिस और परिवहन विभाग द्वारा चालान और सीजिंग की कार्रवाई में भी बढ़ोतरी की जानकारी दी गई।बैठक में सांसद मुकेश राजपूत ने सड़क दुर्घटनाओं में वृद्धि पर गंभीर चिंता जताते हुए ओवरस्पीडिंग और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हाईवे और प्रमुख मार्गों पर नियमित चेकिंग की जाए और हेलमेट के उपयोग को हर हाल में सुनिश्चित किया जाए।उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि ब्लैक स्पॉट के साथ-साथ अन्य दुर्घटना संभावित स्थानों की पहचान कर वहां सुरक्षा उपाय किए जाएं। साथ ही स्कूलों और कॉलेजों में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया गया। एनएचएआई अधिकारियों को निर्माण कार्य समय पर पूरा करने और रामगंगा पुल व पांचाल घाट पुल जैसी परियोजनाओं को तेजी से पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।