
PARDARSHI VIKASH NEWS अमेठी। जिले में सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाने और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने ठोस कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। सड़क सुरक्षा समिति की मासिक बैठक में जिलाधिकारी द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुपालन में विभिन्न विभागों ने अपनी कार्ययोजना पर काम शुरू कर दिया है। यातायात पुलिस द्वारा लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है, वहीं एआरटीओ विभाग ने पुराने वाहनों की फिटनेस जांच का अभियान तेज कर दिया है।लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने सड़क सुरक्षा और सड़क सुधार को लेकर राष्ट्रीय राजमार्गों पर चिन्हित 24 ब्लैक स्पॉट के सुधार एवं निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा है। इन स्थानों पर बार-बार होने वाली दुर्घटनाओं को देखते हुए विशेष कार्ययोजना तैयार की गई है। इसके लिए विभाग ने 10.10 करोड़ रुपये के बजट की मांग की है।निर्माण खंड के अधिशासी अभियंता इंजीनियर रमेश चंद्र ने बताया कि पिछले वित्तीय वर्ष में जिन परियोजनाओं को देर से स्वीकृति मिली थी, उनका कार्य लगभग पूरा हो चुका है। उन्होंने कहा कि चालू वित्तीय वर्ष में अभी तक विभाग को कोई नया बजट आवंटित नहीं हुआ है, लेकिन सड़क सुरक्षा से जुड़े प्रस्तावों को प्राथमिकता के आधार पर शासन को भेजा गया है। बजट स्वीकृत होने के बाद ब्लैक स्पॉट सुधार कार्य तेजी से शुरू कराया जाएगा।