
पारदर्शी विकास ब्यूरो, महोबा। जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय, चरखारी के सुचारु संचालन को लेकर बुधवार को जिलाधिकारी गजल भारद्वाज की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित जिलाधिकारी कक्ष में प्रबंध समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यालय की शैक्षणिक एवं आधारभूत व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने विद्यालय की भौतिक संरचना, पठन-पाठन व्यवस्था, साफ-सफाई, छात्रावास संचालन तथा विद्यार्थियों को उच्च गुणवत्ता वाला भोजन उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि छात्रों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। बैठक में बताया गया कि जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय, चरखारी बमरारा रोड पर स्थित एक पूर्णतः आवासीय विद्यालय है, जहां छात्रों को शिक्षा के साथ रहने, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। विद्यालय का नियमित संचालन 1 जुलाई 2026 से शुरू होगा। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी बलराम कुमार, प्राचार्य डायट, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला समाज कल्याण अधिकारी, प्रधानाचार्य एटीएस चरखारी एवं वरिष्ठ प्रवक्ता सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।