news-details

सपा प्रतिनिधिमंडल को गांव जाने से रोका गया, पुलिस से बातचीत के बाद एसपी से मिलने पहुंचे

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS फर्रुखाबाद के राजेपुर थाना क्षेत्र के चाचूपुर गांव में युवक का शव नाले में मिलने के बाद हुए बवाल और पुलिस पर पथराव की घटना के मामले में मंगलवार को समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल गांव जाने के लिए निकला। हालांकि पार्टी कार्यालय पहुंचते ही पुलिस अधिकारियों ने उन्हें रोक लिया और पहले पुलिस अधीक्षक से मिलने के लिए कहा।समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर गठित प्रतिनिधिमंडल में जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव, पूर्व विधायक उर्मिला राजपूत, पूर्व लोकसभा प्रत्याशी व प्रदेश सचिव डॉ. नवल किशोर शाक्य, प्रदेश सचिव डॉ. जितेंद्र सिंह यादव, डॉ. जेपी सिंह वर्मा और अमृतपुर विधानसभा अध्यक्ष उदय प्रताप शामिल थे। प्रतिनिधिमंडल को मंगलवार को चाचूपुर पहुंचकर मृतक के परिजनों से मुलाकात कर रिपोर्ट प्रदेश कार्यालय भेजनी थी।आवास विकास स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय पर प्रतिनिधिमंडल के सदस्य एकत्र हुए, तभी सीओ सिटी अभय वर्मा, सीओ अमृतपुर ऐश्वर्या उपाध्याय, कादरी गेट थाना पुलिस और अन्य पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंच गए। काफी देर तक पुलिस अधिकारियों और सपा नेताओं के बीच बातचीत चली।सपा नेताओं का कहना था कि वे सीधे गांव जाना चाहते थे, जबकि पुलिस ने पहले फतेहगढ़ स्थित एसपी कार्यालय में पुलिस अधीक्षक से मिलने को कहा।बाद में प्रतिनिधिमंडल एसपी कार्यालय पहुंचा, जहां पुलिस अधीक्षक से वार्ता के बाद सभी सदस्य चाचूपुर गांव के लिए रवाना हो गए।