
PARDARSHI VIKASH NEWS इटावा में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव की बेटी के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने इसे गंभीर और आपत्तिजनक मामला बताते हुए प्रशासन से तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की है।सपा जिलाध्यक्ष प्रदीप शाक्य बबलू के नेतृत्व में कार्यकर्ता दोपहर में जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित हो रही अभद्र टिप्पणियों को तुरंत हटाया जाए और ऐसी पोस्ट करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कुछ लोग जानबूझकर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट कर सामाजिक माहौल बिगाड़ने और राजनीतिक छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने इसे गंभीर साइबर अपराध बताते हुए प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।इस दौरान मौजूद सांसद जितेंद्र दोहरे ने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन किसी भी व्यक्ति या परिवार के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करना गलत है और ऐसे मामलों में कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। सपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो सामाजिक तनाव बढ़ सकता है।