news-details

सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय के छात्रों का आइकेएस ओलम्पियाड 2025 में स्वर्णिम उत्कर्ष

You can share this post!

Pardarshi Vikas News Varanasi

सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय, वाराणसी के छात्रों ने सम्पूर्ण भारत में आयोजित "भारतीय ज्ञान परम्परा" (आईकेएस) ओलम्पियाड 2025 में उल्लेखनीय सफलता अर्जित करते हुए स्वर्ण पदक प्राप्त किया है। इस उपलब्धि ने विश्वविद्यालय के साथ-साथ देश का भी गौरव बढ़ाया है।
विश्वविद्यालय के भारतीय ज्ञान परम्परा केन्द्र से सम्बद्ध मेधावी छात्र अखिलेश कुमार मिश्र, नन्दिनी साहू एवं अमन पटेल ने भारतीय ज्ञान परम्परा विषय में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक (गोल्ड मेडल) हासिल किया। प्रतियोगिता में देशभर के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों एवं संस्थानों के प्रतिभागियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा रही, जिसके बीच यह सफलता विशेष महत्त्व रखती है।

कुलपति प्रो. बिहारीलाल शर्मा ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि, “भारतीय ज्ञान परम्परा हमारी सांस्कृतिक आत्मा का आधार है। विद्यार्थियों की यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि युवा पीढ़ी अपनी जड़ों से जुड़कर वैश्विक स्तर पर उत्कृष्टता स्थापित कर रही है।”

भारतीय ज्ञान परम्परा केन्द्र के समन्वयक प्रो. दिनेश कुमार गर्ग, प्रधान गवेषक डॉ. ज्ञानेन्द्र सापकोटा, सह-गवेषक डॉ. विजय कुमार शर्मा तथा अनुसन्धान सहायक डॉ. आशीष मणि त्रिपाठी सहित आचार्यों ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए इसे सतत मार्गदर्शन, अनुशासित अध्ययन एवं भारतीय परम्पराओं के प्रति गहन निष्ठा का परिणाम बताया।

इस उपलब्धि से विश्वविद्यालय परिवार में हर्ष एवं उत्साह का वातावरण व्याप्त है। शिक्षकों, शोधार्थियों एवं सहपाठियों ने विजेता विद्यार्थियों का अभिनन्दन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

अन्ततः यह उपलब्धि सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर सिद्ध हुई है, जो भारतीय ज्ञान परम्परा के पुनरुत्थान एवं प्रसार में विश्वविद्यालय की सक्रिय भूमिका को और सुदृढ़ करती है ।।