news-details

सखी वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण, महिला सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश

You can share this post!

Pardarshi Vikas News Kushinagar

जनपद में महिलाओं की सुरक्षा और सहायता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी महेन्द्र सिंह तंवर एवं पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने सखी “वन स्टॉप सेंटर” का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने केंद्र पर उपलब्ध सुविधाओं, सेवाओं की गुणवत्ता, रिकॉर्ड रखरखाव, स्टाफ की उपस्थिति और कार्यप्रणाली का गहन जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि केंद्र पर आने वाली हिंसा एवं संकटग्रस्त महिलाओं को त्वरित, संवेदनशील और समेकित सहायता उपलब्ध कराई जाए। इसमें पुलिस सहायता, चिकित्सकीय सुविधा, कानूनी परामर्श, मनो-सामाजिक काउंसलिंग तथा अस्थायी आश्रय जैसी सभी सेवाएं निर्बाध रूप से प्रदान की जाएं।

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने केंद्र की स्वच्छता, सुरक्षा और गोपनीयता बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि पीड़ित महिलाओं का विश्वास बनाए रखना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सहायता प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाया जाए।

अधिकारियों ने यह भी कहा कि जनपद प्रशासन और पुलिस विभाग महिला सशक्तीकरण एवं उनकी सुरक्षा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इस दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वैभव मिश्रा, क्षेत्राधिकारी सदर अजय कुमार सिंह, वन स्टॉप सेंटर की मैनेजर रीता यादव, पीआरओ उपेन्द्र कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।