
PARDARSHI VIKASH NEWS अयोध्या महानगर कांग्रेस अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम ने नगर निगम क्षेत्र में डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण कार्य से जुड़े सफाईकर्मियों की हड़ताल पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि अयोध्याधाम के लगभग 15 वार्डों में सफाई व्यवस्था प्रभावित होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। घरों और मोहल्लों में कूड़ा जमा होने से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की आशंका भी बढ़ गई है।सुनील कृष्ण गौतम ने कहा कि सफाईकर्मियों द्वारा लगाए गए आरोप गंभीर हैं। कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें पहले से कम वेतन मिल रहा है और उसमें भी हर महीने कटौती की जा रही है। इसके अलावा कार्य में उपयोग होने वाले ठेलों की मरम्मत का खर्च भी उन्हें स्वयं उठाना पड़ता है। टूटे हुए डस्टबिनों को बदलने की व्यवस्था न होने से कार्य प्रभावित हो रहा है।उन्होंने मांग की कि नगर निगम प्रशासन और संबंधित ठेका कंपनी सफाईकर्मियों की समस्याओं का तत्काल समाधान करें। यदि वेतन से अवैध कटौती की गई है तो उसकी जांच कर बकाया राशि कर्मचारियों के खातों में भेजी जाए और निर्धारित मानकों के अनुसार पूरा वेतन समय पर दिया जाए।कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि सफाईकर्मी शहर की स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ हैं और उनके साथ किसी प्रकार का आर्थिक या मानसिक शोषण स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने प्रशासन से कर्मचारियों, ठेका कंपनी और अधिकारियों के बीच वार्ता कर जल्द समाधान निकालने की अपील की, ताकि शहर की सफाई व्यवस्था सामान्य हो सके।