
PARDARSHI VIKASH NEWS प्रयागराज मंडल के चिकित्सा इतिहास में एक अभूतपूर्व और सख्त फैसला सामने आया है। मंडल के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में बुधवार को डॉक्टरों और वकीलों के बीच हुई हिंसक झड़प के बाद अस्पताल प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए एक साथ 20 डॉक्टरों को निलंबित कर दिया है। यह पहली बार है जब प्रयागराज, प्रतापगढ़, कौशाम्बी और फतेहपुर जैसे पूरे मंडल में इतनी बड़ी संख्या में डॉक्टरों पर एक साथ कार्रवाई हुई है।मामला एक घायल महिला अधिवक्ता के इलाज के दौरान शुरू हुआ, जहां डॉक्टर और वकीलों के बीच पहले कहासुनी और फिर धक्का-मुक्की में विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते अस्पताल परिसर में मारपीट शुरू हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। घटना के बाद डॉक्टरों ने कार्य बहिष्कार कर दिया, जिससे दूर-दराज से आए मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।प्रशासन के अनुसार प्राथमिक जांच में अनुशासनहीनता और अस्पताल का माहौल बिगाड़ने को गंभीर मानते हुए यह कार्रवाई की गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि स्वास्थ्य सेवाओं में बाधा और हिंसा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर अस्पतालों में सुरक्षा और आपसी समन्वय की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।