
पारदर्शी विकाश न्यूज़ कसया , कुशीनगर राजनीति से अलग सेवा और सामाजिक सरोकारों की मिसाल पेश करते हुए कुशीनगर विधायक ने शुक्रवार को अपना जन्मदिन जनसेवा को समर्पित किया। कहीं स्वास्थ्य शिविर लगा, कहीं रक्तदान हुआ तो कहीं बुजुर्गों के बीच पहुंचकर विधायक ने जन्मदिन की खुशियां साझा कीं। पूरे दिन चले कार्यक्रमों में लोगों की भारी भीड़ उमड़ी रही।कसया विकास खंड के कुड़वा उर्फ दिलीपनगर स्थित जूनियर हाई स्कूल परिसर में आयोजित नि:शुल्क स्वास्थ्य मेला और रक्तदान शिविर आकर्षण का केंद्र रहा। सुबह से ही इलाज कराने पहुंचे लोगों की लंबी कतारें लग गईं। लखनऊ पीजीआई, और जनपद के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श व दवाएं उपलब्ध कराईं। महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों के लिए अलग व्यवस्था की गई थी।कार्यक्रम के दौरान विधायक पीएन पाठक ने स्वयं रक्तदान कर लोगों को प्रेरित किया। उनके साथ करीब 40 लोगों ने रक्तदान किया। स्वास्थ्य शिविर में सैकड़ों लोगों का परीक्षण हुआ। विधायक ने कहा कि रक्तदान महादान है और इससे किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचाई जा सकती है।जन्मदिन के मौके पर विधायक कसया स्थित वृद्धाश्रम भी पहुंचे, जहां बुजुर्गों के साथ केक काटकर खुशी साझा की। उन्होंने बुजुर्गों को वस्त्र भेंट किए और उनका हालचाल जाना। इस दौरान वृद्धाश्रम का माहौल भावुक हो उठा।इसके बाद विधायक ने गांव में नवनिर्मित विवाह भवन का फीता काटकर उद्घाटन किया और उसे क्षेत्र की जनता को समर्पित किया। लोगों ने इसे सामाजिक आयोजनों के लिए बड़ी सौगात बताया। कार्यक्रम स्थल पर भंडारे का भी आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। महिलाओं में साड़ी वितरण भी किया गया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक पीएन पाठक ने कहा कि राजनीति का उद्देश्य केवल सत्ता नहीं, बल्कि समाज की सेवा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में हर तीन महीने पर स्वास्थ्य शिविर लगाए जाते रहेंगे ताकि गरीबों को इलाज के लिए भटकना न पड़े।इस दौरान मीनू पाठक, विधायक प्रतिनिधि रूद्र प्रकाश सिंह, सीएमओ डॉ. चंद्र प्रकाश, एसीएमओ डॉ. अवधेश कुशवाहा, ईओ अंकिता शुक्ला, डॉ. अनामिका, डॉ. आशुतोष पांडेय, डॉ. मुकेश यादव, डॉ. जीपी गुप्ता, डॉ. आनंद मिश्रा समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, चिकित्सक और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।