
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भाजपा के ‘सेवा संकल्प अभियान’ की जिला कार्यशाला सोमवार को गौरीगंज स्थित जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित हुई। मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी अमेठी शंकर गिरी रहे। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला ने की, जबकि संचालन जिला महामंत्री कृष्ण कुमार यादव ने किया।शंकर गिरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन सेवा, समर्पण, सुशासन और राष्ट्रहित के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में गरीब कल्याण, किसान हित, महिला सशक्तिकरण, युवा, स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता, डिजिटल क्रांति और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में कई कार्य हुए हैं।उन्होंने जनधन, उज्ज्वला, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास, किसान सम्मान निधि और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।शंकर गिरी ने कार्यकर्ताओं से सेवा संकल्प अभियान को बूथ स्तर तक पहुंचाने का आह्वान किया। जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला ने कहा कि अमेठी में अभियान को प्रत्येक बूथ तक ले जाकर व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। कार्यशाला में जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी, मोर्चों के पदाधिकारी और वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद रहे।