
PARDARSHI VIKASH NEWS आगरा में शनिवार को समाजवादी पार्टी के नेता स्वामी प्रसाद मौर्य की भगवान श्रीराम और वीर हनुमान पर कथित टिप्पणी के विरोध में अखिल भारत हिंदू महासभा ने मानसिक आरोग्यशाला (मानसिक चिकित्सालय) के बाहर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने स्वामी प्रसाद मौर्य का प्रतीकात्मक रूप धारण किए एक व्यक्ति के हाथ-पैर रस्सियों से बांधकर मानसिक चिकित्सालय तक ले जाकर सांकेतिक विरोध दर्ज कराया।प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मानसिक चिकित्सालय की ओपीडी में प्रतीकात्मक रूप से पर्चा कटवाया और सांकेतिक इलाज कराने की बात कही। इस दौरान नारेबाजी भी की गई। कुछ कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक रूप से उस व्यक्ति को जमीन पर लिटाकर जूते-चप्पलों से भी मारा।यह विरोध प्रदर्शन स्वामी प्रसाद मौर्य के उस बयान के बाद किया गया, जिसमें उन्होंने अयोध्या राम मंदिर में दान राशि और आभूषणों की कथित चोरी के मामले पर टिप्पणी करते हुए कहा था कि "जो अपने मंदिर की रक्षा नहीं कर सके, वह दूसरों की रक्षा कैसे करेंगे।" इस बयान पर कई हिंदू संगठनों ने आपत्ति जताई और इसे धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला बताया।प्रदर्शन का नेतृत्व हिंदू महासभा की जिला अध्यक्ष मीरा राठौर और महिला मोर्चा महानगर अध्यक्ष निशा ठाकुर ने किया। मीरा राठौर ने स्वामी प्रसाद मौर्य के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने एक विवादित बयान भी दिया, जिसमें उन्होंने स्वामी प्रसाद मौर्य की जीभ काटने और आंख फोड़ने वाले को पांच लाख रुपये इनाम देने की बात कही।कार्यक्रम में संगठन के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। वहीं, इस पूरे घटनाक्रम को लेकर प्रशासन की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।