news-details

स्विमिंग पूल में सिर के बल छलांग लगाना पड़ा भारी, मौत

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग जिले के मालवन स्थित एक रिसॉर्ट में स्विमिंग पूल में सिर के बल छलांग लगाने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक ऊंचाई से पूल में छलांग लगाते हुए दिखाई दे रहा है। मृतक की पहचान कोल्हापुर निवासी श्रीनिक मिलिंद टाकले के रूप में हुई है।जानकारी के अनुसार, श्रीनिक अपने नौ दोस्तों के साथ छुट्टियां मनाने मालवन के वायरी क्षेत्र स्थित एक रिसॉर्ट गया था। इसी दौरान वह करीब 8 से 10 फीट ऊंचाई से स्विमिंग पूल में सिर के बल कूद गया। जिस पूल में उसने छलांग लगाई, उसकी गहराई केवल करीब 4 फीट थी। छलांग लगाते ही उसका सिर पूल के तल से जोरदार तरीके से टकरा गया, जिससे उसे गंभीर चोट आई और वह बेहोश हो गया।हादसे के तुरंत बाद उसके दोस्तों ने उसे बाहर निकालकर मालवन ग्रामीण अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से कुछ देर पहले रिकॉर्ड किए गए वीडियो में श्रीनिक अपने दोस्तों के साथ स्विमिंग पूल के किनारे डांस करता हुआ भी दिखाई दे रहा है।पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह एक दुर्घटना का मामला है। मामले में आकस्मिक मौत दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही घटना के वीडियो और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।यह हादसा एक बार फिर बताता है कि स्विमिंग पूल की गहराई जाने बिना ऊंचाई से छलांग लगाना जानलेवा साबित हो सकता है। विशेषज्ञ भी ऐसे स्टंट से बचने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की सलाह देते हैं।