
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। भाजपा के सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को कानपुर में सेवा ज्योति यात्रा निकाली गई। फूलबाग से शुरू हुई यात्रा में प्रदेश के मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने हाथ में जलती मशाल थामी और करीब 1.5 किलोमीटर तक पैदल चले। उनके साथ विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना और कानपुर सांसद रमेश अवस्थी भी मशाल लेकर यात्रा में शामिल हुए। यात्रा बिरहाना रोड और नयागंज होते हुए घंटाघर स्थित भारत माता की प्रतिमा तक पहुंची, जहां इसका समापन हुआ।यात्रा से पहले स्वतंत्र देव सिंह और सांसद रमेश अवस्थी ने फूलबाग स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद कार्यक्रम स्थल पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के संबोधन का बड़ी स्क्रीन पर प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में महापौर प्रमिला पांडेय, भाजपा विधायक, दोनों जिलाध्यक्षों सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

गोविंदनगर विधायक सुरेंद्र मैथानी सैकड़ों समर्थकों के साथ बुलेट से फूलबाग पहुंचे। फूलबाग से यात्रा आगे बढ़ी तो नयागंज में व्यापारियों ने जोरदार स्वागत किया। व्यापारी नेता विनोद गुप्ता ने स्वतंत्र देव सिंह को 101 किलो की फूलों की माला पहनाई। इसके बाद मंत्री ने नयागंज स्थित करीब 200 वर्ष पुराने बाबा श्री नागेश्वर महाराज मंदिर में दर्शन कर महंत से आशीर्वाद लिया।यात्रा के दौरान स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि भाजपा का सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूरे होने का उल्लेख करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक उन्होंने लगातार देश और समाज की सेवा की है। उन्होंने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए नारी सम्मान, गरीब कल्याण और विकास कार्यों का उल्लेख किया।

स्वतंत्र देव सिंह ने कांग्रेस और सपा पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों दलों के पास कोई ठोस एजेंडा नहीं है और उनके शासनकाल में भ्रष्टाचार तथा गुंडई को बढ़ावा मिला। उन्होंने कहा कि देश विकास और विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ रहा है।हजारों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी के कारण फूलबाग चौराहे पर यातायात प्रभावित रहा। ट्रैफिक पुलिस ने रूट डायवर्जन लागू किया और वाहनों को सुचारू रूप से निकालने का प्रयास किया। यात्रा के अंतिम पड़ाव घंटाघर पर स्वतंत्र देव सिंह और सांसद रमेश अवस्थी ने भारत माता की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।यात्रा में विधायक अभिजीत सिंह सांगा, राहुल बच्चा सोनकर, नीलिमा कटियार, सुरेंद्र मैथानी, महेश त्रिवेदी और सरोज कुरील समेत भाजपा के कई नेता शामिल रहे। भाजपा उत्तर जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित, दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह, ग्रामीण जिलाध्यक्ष उपेंद्र पासवान, पूर्व विधायक रघुनंदन भदौरिया और पूर्व विधायक प्रत्याशी सुरेश अवस्थी समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
