
पारदर्शी विकास न्यूज़
उन्नाव के बांगरमऊ कस्बे में साधू बाबा मिलन दास हत्याकांड को लेकर लोगों का आक्रोश शनिवार को सड़कों पर दिखाई दिया। विश्व हिंदू परिषद के नेतृत्व में सैकड़ों लोगों ने कैंडिल मार्च निकालकर हत्यारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और फांसी की सजा की मांग की। हाथों में मोमबत्तियां और पोस्टर लेकर लोगों ने "Justice for Baba Milan Das" तथा "हत्यारों को फांसी दो" जैसे नारे लगाए।कैंडिल मार्च में जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि साधू बाबा मिलन दास की निर्मम हत्या ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। लोगों ने प्रशासन से मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की।गौरतलब है कि बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र में साधू बाबा मिलन दास की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि मुख्य आरोपी समेत अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं।विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारियों ने कहा कि जब तक सभी आरोपी गिरफ्तार नहीं किए जाते और उन्हें कड़ी सजा नहीं मिलती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। कैंडिल मार्च के दौरान पूरे कस्बे में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रही।