
तनिश सिंह
PARDARSHI VIKASH NEWS उन्नाव में चर्चित साधु मिलन दास हत्याकांड के मुख्य आरोपी और एक लाख रुपये के इनामी अपराधी इजराइल को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। यह कार्रवाई सोमवार देर रात बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के ताजपुर अंडरपास के पास एसओजी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई।पुलिस के अनुसार, इजराइल 9 जून को हुए साधु मिलन दास हत्याकांड के बाद से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही थीं और उस पर एक लाख रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। सोमवार रात पुलिस को उसके छिपे होने की सूचना मिली, जिसके बाद घेराबंदी की गई।बताया जा रहा है कि खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ के दौरान एसओजी का एक सिपाही भी घायल हुआ है, जिसका इलाज जारी है और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।पुलिस ने मौके से एक तमंचा और चाकू बरामद किया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की आगे जांच की जा रही है। इस घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है और लोग इसे हत्याकांड में बड़ी सफलता मान रहे हैं।