news-details

सिंदुरवा में मालगाड़ी के सात वैगन डिरेल, मेन लाइन सुरक्षित

You can share this post!


पारदर्शी विकास न्यूज़  अमेठी/जगदीशपुर । लखनऊ-वाराणसी रेलखंड पर शनिवार की सुबह सिंदुरवा रेलवे स्टेशन के पास इंडोरामा उर्वरक इकाई की रेलवे साइडिंग पर बड़ा रेल हादसा टल गया। खाद कारखाने की ओर जा रही मालगाड़ी के सात वैगन अचानक पटरी से उतर गए। घटना सुबह करीब 5:15 बजे हुई। राहत की बात यह रही कि वैगन पलटे नहीं और मुख्य रेल मार्ग पूरी तरह सुरक्षित रहा, जिससे यात्री ट्रेनों का संचालन प्रभावित नहीं हुआ।जानकारी के अनुसार मालगाड़ी इंडोरामा उर्वरक इकाई में खाद की लोडिंग के लिए साइडिंग ट्रैक से गुजर रही थी। इसी दौरान सिंदुरवा के पास सात वैगन डिरेल हो गए। चालक ने तत्काल ट्रेन रोक दी, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, हालांकि साइडिंग ट्रैक को नुकसान पहुंचा है। इसके चलते इंडोरामा उर्वरक इकाई में मालगाड़ियों की आवाजाही और खाद की लोडिंग फिलहाल प्रभावित हो गई है।सूचना मिलते ही रेलवे के इंजीनियरिंग, परिचालन विभाग और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंच गई। प्रभावित क्षेत्र की घेराबंदी कर वैगनों को हटाने और ट्रैक की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया है।आरपीएफ निहालगढ़ के उपनिरीक्षक रमेश कुमार ने बताया कि घटना इंडोरामा फैक्ट्री को जाने वाले साइडिंग ट्रैक पर हुई है। वहीं सिंदुरवा स्टेशन अधीक्षक अमित कुमार ने भी घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मुख्य रेल ट्रैक पूरी तरह सुरक्षित है और साइडिंग ट्रैक बहाल होने के बाद ही मालगाड़ियों का संचालन दोबारा शुरू किया जाएगा।