
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। पारा थाना क्षेत्र के हंसखेड़ा में 32 वर्षीय विवाहिता रेशमा यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मामले में मृतका के मायके पक्ष ने ससुरालवालों पर लंबे समय से मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। पुलिस ने पति और ससुर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार रेशमा यादव का मायका सरोजनीनगर के अनौरा गांव में है। उसकी शादी हंसखेड़ा निवासी युवक से हुई थी और उसकी तीन बेटियां हैं। परिजनों का आरोप है कि बेटा न होने के कारण उसे लगातार प्रताड़ित किया जाता था।परिजनों के अनुसार रविवार रात रेशमा के साथ मारपीट के बाद उसे फंदे से लटका दिया गया। गंभीर हालत में उसे लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।पुलिस ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण फांसी लगना पाया गया है। मायके पक्ष की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है और मामले की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है।