
पारदर्शी विकास न्यूज़ ललितपुर। जिला उद्योग व्यापार मंडल ललितपुर के पदाधिकारियों एवं व्यापारियों ने मंगलवार को प्रदेश के व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम संबोधित सात सूत्रीय ज्ञापन जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर अपर जिलाधिकारी (एडीएम) को सौंपा। यह ज्ञापन प्रांतीय अध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सदस्य बनवारी लाल कंछल के आह्वान पर प्रदेशव्यापी अभियान के तहत दिया गया। ज्ञापन में कहा गया कि देश एवं प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में व्यापारियों का महत्वपूर्ण योगदान है। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में व्यापारियों द्वारा जीएसटी के माध्यम से केंद्र सरकार को लगभग 22.16 लाख करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है। इसके बावजूद व्यापारियों को कई प्रकार की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, जिनके समाधान की आवश्यकता है। मंडल ने मुख्यमंत्री से मांग की कि जीएसटी पंजीकृत व्यापारियों का स्वास्थ्य बीमा कराया जाए तथा दुकान में आग लगने जैसी दुर्घटनाओं की स्थिति में एक करोड़ रुपये तक का बीमा कवर उपलब्ध कराया जाए। इसके अलावा विभिन्न विभागों की बकाया राशि एवं जीएसटी रिटर्न विलंब से जमा करने पर लिए जाने वाले 18 प्रतिशत ब्याज को घटाकर 9 प्रतिशत किए जाने की मांग की गई। ज्ञापन में सभी विभागों के लाइसेंस आजीवन किए जाने, विभिन्न विभागों द्वारा की जाने वाली छापेमारी संबंधी व्यवस्था समाप्त करने, बिजली बिलों में फिक्स चार्ज एवं न्यूनतम शुल्क समाप्त करने तथा व्यापारियों को प्राथमिकता के आधार पर शस्त्र लाइसेंस जारी करने की मांग भी उठाई गई।