
कानपुर में जरीब चौकी रेलवे ओवर ब्रिज (ROB) के निर्माण का भूमि पूजन शुक्रवार को सांसद रमेश अवस्थी ने किया। इस मौके पर जरीब चौकी व्यापार मंडल के व्यापारियों ने प्रस्तावित डिजाइन पर आपत्ति जताते हुए विरोध प्रदर्शन किया और डिजाइन बदलने की मांग दोहराई।व्यापारियों का कहना है कि जरीब चौकी क्षेत्र में करीब 250 से अधिक दुकानें हैं और पुल निर्माण के दौरान रास्ता प्रभावित होने से ग्राहकों की आवाजाही रुक जाएगी, जिससे उनका व्यापार पूरी तरह प्रभावित हो सकता है। विरोध स्वरूप व्यापारियों ने बाजार बंद रखा और दुकानों पर पोस्टर लगाए, जिनमें पुल निर्माण के विरोध का संदेश लिखा था।व्यापार मंडल का आरोप है कि यदि वर्तमान डिजाइन के अनुसार निर्माण हुआ तो जरीब चौकी और हीरागंज बाजार की आर्थिक स्थिति पर गंभीर असर पड़ेगा। उन्होंने मांग की कि पूर्व में स्वीकृत डिजाइन के अनुसार ही पुल का निर्माण किया जाए, जिससे व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित न हों।सेतु निगम के अनुसार, जीटी रोड को कालपी रोड से जोड़ने के लिए लगभग 320 करोड़ रुपये की लागत से चार लेन का ROB बनाया जाएगा। इसमें कुल चार रैंप प्रस्तावित हैं, जिनमें दो जीटी रोड, एक कालपी रोड और एक घंटाघर की ओर उतरेगा। परियोजना को दिसंबर 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान मंच पर विभिन्न धर्मों के धर्मगुरुओं की मौजूदगी भी रही, जिन्होंने शहर के विकास कार्यों के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि विकास कार्यों में कुछ असुविधाएं आती हैं, लेकिन भविष्य की जरूरतों को देखते हुए ऐसे प्रोजेक्ट जरूरी हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया है और उचित समाधान का प्रयास किया जाएगा।
250 से ज्यादा दुकानें प्रभावित होंगी
जरीब चौकी उद्योग व्यापार मंडल ने पुल के शिलान्यास का विरोध किया है। व्यापारियों का कहना है कि लंबे समय से पुल की डिजाइन बदलने की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी सुनवाई नहीं हुई।व्यापारियों का दावा है कि नई डिजाइन के कारण 250 से ज्यादा दुकानों के अस्तित्व पर संकट खड़ा हो जाएगा। उनका कहना है कि पूर्व सांसद सत्यदेव पचौरी के कार्यकाल में जो डिजाइन स्वीकृत हुई थी, उसी के अनुसार पुल बनाया जाना चाहिए। व्यापार मंडल के मुताबिक, नई डिजाइन लागू होने से जरीब चौकी और हीरागंज की बाजार प्रभावित होगी और कारोबार खत्म होने का खतरा पैदा हो जाएगा।विकास कार्यों के दौरान थोड़ी बहुत असुविधा होना स्वाभाविक है, लेकिन भविष्य की जरूरतों को देखते हुए ऐसे प्रोजेक्ट बहुत जरूरी हैं। हमने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना है और जहां संभव हुआ, वहां आवश्यक संशोधन भी किए गए हैं। जरीब चौकी ROB बनने से शहर की यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और लंबे समय से लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिलेगी। मैंने हमेशा व्यापारियों के हितों को प्राथमिकता दी है और आगे भी उनके साथ लगातार संवाद बना रहेगा। पहले की सरकारों में ऐसे विकास कार्य वर्षों तक अटके रहते थे, लेकिन अब समयबद्ध तरीके से काम पूरे किए जा रहे हैं और जनता को सीधा लाभ मिल रहा है।-सांसद रमेश अवस्थी