news-details

सिपाही भर्ती परीक्षा के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम, छह केंद्रों पर हो रही परीक्षा

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS उत्तर प्रदेश में आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष और नकलविहीन तरीके से संपन्न कराने के लिए कानपुर देहात में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर है और सभी परीक्षा केंद्रों पर व्यापक व्यवस्थाएं लागू की गई हैं।जिले में कुल छह परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें अकबरपुर महाविद्यालय, अकबरपुर इंटर कॉलेज, श्री कृष्ण औद्योगिक इंटर कॉलेज मोहम्मदपुर, श्री रामस्वरूप ग्रामोद्योग इंटर कॉलेज पुखरायां, विवेकानंद राष्ट्रीय इंटर कॉलेज पुखरायां और राजकीय महाविद्यालय अकबरपुर शामिल हैं। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है—पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक। प्रत्येक पाली में 2448 अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं।परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन जांच की जा रही है। मेटल डिटेक्टर से स्क्रीनिंग, आई स्कैनिंग और पहचान पत्रों के सत्यापन के बाद ही उन्हें प्रवेश दिया जा रहा है। महिला अभ्यर्थियों के लिए अलग चेकिंग बूथ बनाए गए हैं, जहां महिला पुलिसकर्मी तैनात हैं। सुरक्षा कारणों से अभ्यर्थियों को जूते बाहर उतारकर ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जा रहा है।नकलविहीन परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों और वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गई है। संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रत्येक केंद्र पर सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात हैं, जो परीक्षा से पहले व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर रहे हैं।पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार भ्रमण कर परीक्षा केंद्रों की निगरानी कर रहे हैं, ताकि परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।