
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी।शनिवार को भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के उपलक्ष्य में सैनिक स्कूल अमेठी में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। एनसीसी कैडेट्स द्वारा ‘विकास भी, विरासत भी’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय के प्रधानाचार्य लेफ्टिनेंट कर्नल सतवीर सिंह की गरिमामयी उपस्थिति तथा प्रशासनिक अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल भरत पाटनी के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम का संचालन सीटीओ मुन्ना कुमार शर्मा एवं हवलदार नीलेश जाधव के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान एनसीसी कैडेट्स ने राष्ट्रीय एकता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए देश की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता को बनाए रखने की शपथ ग्रहण की। इसके अतिरिक्त कैडेट्स ने हिंदी एवं अंग्रेजी भाषाओं में प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत कर सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में अतुलनीय योगदान, उनकी दूरदर्शिता तथा देशी रियासतों के एकीकरण में उनकी ऐतिहासिक भूमिका को रेखांकित किया। कार्यक्रम के अंतिम चरण में कैडेट्स को राष्ट्रीय एकता दिवस एवं सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन तथा योगदान से संबंधित एक प्रेरणादायक डॉक्यूमेंट्री दिखाई गई। इसके माध्यम से कैडेट्स को राष्ट्रीय एकता, अखंडता, आपसी सद्भाव एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को आत्मसात करने का संदेश दिया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवा कैडेट्स में राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता, देशभक्ति एवं राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध की भावना को सुदृढ़ करना था। कार्यक्रम ने कैडेट्स को यह संदेश दिया कि देश की प्रगति के लिए आधुनिक विकास के साथ-साथ अपनी सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं एवं राष्ट्रीय एकता को सुरक्षित रखना भी अत्यंत आवश्यक है।