
पारदर्शी विकास ब्यूरो खड्डा, कुशीनगर। विकास खण्ड खड्डा के ग्राम सभा उद्योग छपरा में स्थित सामुदायिक शौचालय बदहाल स्थिति में पहुंच गया है। शौचालय परिसर में चारों ओर गंदगी का अंबार लगा हुआ है और नियमित साफ-सफाई न होने से ग्रामीणों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि स्वच्छता के नाम पर बनाए गए इस सामुदायिक शौचालय की देखरेख पूरी तरह उपेक्षित है।ग्रामीणों के अनुसार, गांव में स्थापित कूड़ादान भी लंबे समय से क्षतिग्रस्त और अनुपयोगी स्थिति में पड़ा है। इसके बावजूद उसकी मरम्मत अथवा नए कूड़ादान की व्यवस्था नहीं की गई है। वहीं पंचायत भवन परिसर में आवश्यक सूचना पट्ट भी नहीं लगाया गया है, जिससे ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं, विकास कार्यों और जिम्मेदार अधिकारियों की जानकारी नहीं मिल पा रही है।ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सामुदायिक शौचालय के केयरटेकर का लगभग पांच माह से मानदेय लंबित है। समय पर वेतन न मिलने के कारण सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है और कर्मचारियों का मनोबल भी टूट रहा है। उनका कहना है कि यदि केयरटेकर को नियमित भुगतान किया जाए तो शौचालय की स्थिति में काफी सुधार हो सकता है।ग्रामीणों ने पंचायत एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों से सामुदायिक शौचालय की तत्काल साफ-सफाई, टूटी सुविधाओं की मरम्मत, कूड़ादान की व्यवस्था और केयरटेकर के बकाया वेतन का शीघ्र भुगतान कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे उच्चाधिकारियों से शिकायत करने को बाध्य होंगे।ग्रामीणों ने यह भी आशंका जताई कि शौचालय परिसर में फैली गंदगी के कारण संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ गया है। ऐसे में प्रशासन को जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए तत्काल प्रभावी कदम उठाने चाहिए।इस संबंध में ग्राम सचिव भूप नारायण राव ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।