news-details

स्मार्ट मीटर के विरोध में महिलाओं ने पावर हाउस घेरा

You can share this post!

Pardarshi Vikas News Lucknow

 स्मार्ट मीटर लगाए जाने और बढ़े हुए बिजली बिलों के विरोध में सोमवार को बड़ी संख्या में महिलाओं ने इंदिरा नगर सेक्टर-25 स्थित पावर हाउस का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। गुस्साई महिलाओं ने मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया और असिस्टेंट इंजीनियर के कक्ष में धरने पर बैठ गईं। हंगामे के बीच अधिकारी और कर्मचारी दफ्तर छोड़कर चले गए। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहीं महिला संगठन की पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि लोगों के घरों में जबरन स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। विरोध करने पर पुलिस बुलाने और जुर्माना लगाने की धमकी दी जाती है। उनका कहना था कि पहले जहां 500 रुपये तक बिजली बिल आता था, अब वही बिल 1500 से 2000 रुपये तक पहुंच गया है, जिससे घरेलू बजट बिगड़ गया है। महिलाओं ने स्मार्ट मीटर व्यवस्था को तत्काल बंद करने और पुराने मीटर बहाल करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने करीब तीन घंटे तक पावर हाउस परिसर में नारेबाजी की और अधिकारियों से वार्ता की मांग पर अड़ी रहीं। बाद में बिजली विभाग के कर्मचारियों ने महिलाओं से बातचीत कर उनकी शिकायतों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। महिलाओं ने चेतावनी दी कि समस्या का समाधान न होने पर आंदोलन और तेज किया जाएगा।