
Pardarshi Vikas News Kanpur Dehat
कानपुर देहात। जिले के सिकंदरा तहसील मुख्यालय में स्मार्ट मीटरों की कथित गड़बड़ियों, गलत बिलिंग और उपभोक्ताओं के उत्पीड़न के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों ने जोरदार प्रदर्शन किया। जिला महासचिव अरविंद पाल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में उपभोक्ता तहसील पहुंचे और उपजिलाधिकारी प्रद्युम्न कुमार को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर समस्या के समाधान की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली उपभोक्ताओं की परेशानियां लगातार बढ़ी हैं। लोगों का कहना है कि मीटर में रिचार्ज कराने के बावजूद कुछ ही दिनों में बैलेंस खत्म हो जाता है और बिजली आपूर्ति बंद कर दी जाती है। इससे भीषण गर्मी के मौसम में आम जनता को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
जिला महासचिव अरविंद पाल ने कहा कि सरकार की यह योजना जनता को राहत देने के बजाय परेशानी बढ़ाने वाली साबित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली विभाग मनमाने तरीके से उपभोक्ताओं का शोषण कर रहा है और शिकायतों पर कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
स्थानीय उपभोक्ता निर्मल कुमार ने बताया कि वह नियमित रूप से बिल जमा करते हैं, इसके बावजूद उनकी बिजली काट दी गई। शिकायत करने पर अधिकारियों ने उन पर 36 हजार रुपये का बकाया बता दिया। उन्होंने कहा कि विभाग की ओर से भेजे जाने वाले संदेशों और अधिकारियों की जानकारी में भारी अंतर है, जिससे उपभोक्ता भ्रमित हो रहे हैं।
ज्ञापन में मांग की गई कि सभी घरों से स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने मीटर लगाए जाएं, गलत बिलिंग और बकाया वसूली की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा उपभोक्ताओं को राहत दी जाए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा।