
पारदर्शी विकास ब्यूरो सुकरौली, कुशीनगर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नगर पंचायत सुकरौली स्थित वैष्णो मंदिर परिसर में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सुकरौली ब्लॉक प्रमुख रंजना पासवान रहीं। उनके साथ भाजपा मंडल प्रभारी राधेश्याम गोंड ने भी पौधारोपण किया। उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और पर्यावरणीय चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षारोपण सबसे प्रभावी और आवश्यक उपाय है। उन्होंने सभी लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की।कार्यक्रम के संयोजक एवं पर्यावरण प्रेमी, सावित्री सेवा संस्थान के संस्थापक रविश सिंह ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए तथा उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए। उन्होंने हरित और स्वच्छ वातावरण के निर्माण में जनसहभागिता को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।कार्यक्रम का आयोजन भाजपा मंडल अध्यक्ष रामप्रवेश कश्यप के नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने तथा अपने आसपास अधिक से अधिक पौधे लगाकर हरियाली बढ़ाने का सामूहिक संकल्प लिया।कार्यक्रम में शशांक त्रिपाठी, जयकिशन यादव, शैलेन्द्र यादव, दिलीप गुप्ता, वरुण जायसवाल, भोरिक चौहान, मनोज पासवान, प्रमोद पासवान, सभासद अर्जुन पटेल, सभासद प्रतिनिधि चेतन यादव तथा नगर अध्यक्ष राजनेति कश्यप सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।अंत में सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने, वृक्षारोपण को बढ़ावा देने और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं हरित वातावरण सुनिश्चित करने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।