
क्षेत्रीय नागरिकों की बैठक में चरणबद्ध विकास का निर्णय, वरिष्ठ नागरिकों का मार्गदर्शक मंडल गठित
सोहसा। छोटी गंडक नदी तट स्थित सोहसा मोक्ष धाम के विकास को लेकर रविवार को मोक्ष धाम परिसर में क्षेत्रीय नागरिकों की बैठक हुई। नयी दिशा पर्यावरण सेवा संस्थान के सचिव डॉ. हरिओम मिश्र के आह्वान पर हुई बैठक में 30 सितंबर तक विकास कार्य शुरू होने की प्रतीक्षा के बाद अब जनसहयोग और श्रमदान के माध्यम से मोक्ष धाम को चरणबद्ध ढंग से विकसित करने का निर्णय लिया गया।विकास कार्यों के मार्गदर्शन और सुचारु संचालन के लिए क्षेत्र के वरिष्ठ एवं सम्मानित नागरिकों का मार्गदर्शक मंडल गठित किया गया। इसमें उमेश राव, अनिल त्रिपाठी, राम नरेश मिश्र और नरेन्द्र नाथ त्रिपाठी को शामिल किया गया। आवश्यकता के अनुसार आगे अन्य वरिष्ठ नागरिकों को भी मंडल से जोड़ा जाएगा। बैठक में तय हुआ कि विकास की शुरुआत मोक्ष धाम परिसर की साफ-सफाई और व्यवस्थितकरण से होगी। इसके बाद आवागमन के रास्तों को दुरुस्त करने, बैठने की व्यवस्था विकसित करने तथा क्षतिग्रस्त अंत्येष्टि स्थल के शेड का आवश्यकतानुसार पुनरोद्धार या पुनर्निर्माण कराया जाएगा। इसके बाद घाट और अन्य जरूरी सुविधाओं का विकास चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा।अभियान में क्षेत्रवासी आर्थिक सहयोग, निर्माण सामग्री, श्रमदान अथवा समय देकर योगदान कर सकेंगे। प्राप्त सहयोग और खर्च का अलग से लेखा-जोखा रखने का निर्णय लिया गया। इसके लिए क्षेत्र के विभिन्न गांवों, चौराहों, विद्यालयों और प्रतिष्ठानों से संपर्क कर लोगों से सहयोग की अपील की जाएगी। बैठक के बाद कुछ लोगों ने आर्थिक सहयोग देकर अभियान की शुरुआत भी की।बैठक में वक्ताओं ने कहा कि सोहसा मोक्ष धाम करीब 100 गांवों की आस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण स्थल है। इसके विकास के लिए अब क्षेत्रवासी अपनी सामर्थ्य के अनुसार आगे आएंगे और सामूहिक प्रयास से इसे बेहतर स्वरूप दिया जाएगा।बैठक का संचालन डॉ. हरिओम मिश्र ने किया। इस दौरान अनिल त्रिपाठी, उमेश राव, राम नरेश मिश्र, नरेन्द्र नाथ त्रिपाठी, सत्यजीत सिंह, हेमंत मिश्र, कृष्णमोहन, अरुण कुमार पेशकार, राम दास शर्मा, जय प्रकाश वर्मा, आदित्य पाण्डेय, लाल साहब सिंह, कमलेश कुमार गुप्ता, शैलेश कुमार सिंह, मनोज पटेल, अभिषांक शर्मा, संतोष पटेल, किशन शर्मा, गोलू पटेल, टाइगर, अनिल तिवारी, नितीश कुमार गौड़, अमित मद्देशिया, देवानंद गौड़ आदि मौजूद रहे।