
PARDARSHI VIKASH NEWS फर्रुखाबाद के कमालगंज विकासखंड के सिंगारपुर गांव में लंबे समय से सफाई व्यवस्था बदहाल होने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गांव की कई नालियां चोक पड़ी हैं और नियमित सफाई नहीं होने से सड़कों पर गंदा पानी जमा है। जलभराव के कारण लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है, वहीं संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम पंचायत स्तर पर सफाई व्यवस्था पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। नालियों में गंदगी जमा होने से पानी की निकासी बाधित है और लोगों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। सबसे अधिक दिक्कत बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को हो रही है।ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द सफाई अभियान चलाने, चोक नालियों की सफाई कराने और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है। उनका कहना है कि बरसात शुरू होने से पहले समस्या का समाधान नहीं हुआ तो हालात और गंभीर हो जाएंगे।इस संबंध में ग्राम प्रधान मुस्कान बानो ने बताया कि सफाई कर्मचारी को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही नालियों की सफाई कराकर जलभराव की समस्या दूर की जाएगी, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके।