
PARDARSHI VIKASH NEWS इटावा के सैफई में समाजवादी परिवार से जुड़े प्रतीक यादव के निधन की खबर के बाद गहरा शोक देखने को मिला। सैफई स्थित अखिलेश यादव के आवास के बाहर ग्राम प्रधान रामफल बाल्मीकि ने मीडिया से बातचीत में प्रतीक यादव को याद करते हुए भावुक हो गए।ग्राम प्रधान ने बताया कि प्रतीक यादव का स्वभाव बेहद सरल और मिलनसार था और उनका सैफई परिवार से गहरा जुड़ाव रहा है। उन्होंने कहा कि वे प्रतीक यादव को बचपन से जानते हैं और उन्होंने उन्हें खेलते-बढ़ते देखा है। उनके अनुसार प्रतीक यादव हमेशा गांव और परिवार के सुख-दुख में शामिल रहते थे और स्थानीय लोगों से उनका आत्मीय संबंध था।रामफल बाल्मीकि ने बताया कि बीते नवंबर में आर्यन यादव की शादी के दौरान भी प्रतीक यादव अपने परिवार के साथ सैफई पहुंचे थे। हालांकि पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद उनका सैफई आना-जाना पहले की तुलना में कम हो गया था, लेकिन परिवार और गांव से उनका लगाव हमेशा बना रहा।मीडिया से बातचीत के दौरान ग्राम प्रधान रामफल बाल्मीकि अपने भावनाओं को रोक नहीं सके और काफी भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि यह खबर सिर्फ परिवार ही नहीं बल्कि पूरे सैफई के लिए एक बड़ी क्षति है।