
PARDARSHI VIKASH NEWS मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगरा में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विकास परियोजनाओं में लापरवाही, भ्रष्टाचार और अवैध गतिविधियां किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। उन्होंने कहा कि यदि किसी निर्माण कार्य में गुणवत्ता की कमी पाई गई तो संबंधित इंजीनियर और ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उन्हें जेल भेजा जाएगा। मुख्यमंत्री ने आगरा मेट्रो और एयरपोर्ट विस्तार परियोजना को हर हाल में अक्टूबर तक पूरा करने के निर्देश दिए और कहा कि समयसीमा में किसी तरह की देरी स्वीकार नहीं होगी।बैठक में सड़क, पुल, सीवर, जल जीवन मिशन, सेतु और अन्य निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने अवैध खनन पर सख्त कार्रवाई, ओवरलोड डंपरों की जब्ती और उनसे क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत की लागत वसूलने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क खोदकर छोड़ देने वाली एजेंसियों और संस्थानों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज करने को कहा। साथ ही दयालबाग-खंदौली यमुना पुल, सीएम ग्रिड और अन्य परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए सुप्रीम कोर्ट और एनजीटी से जुड़े मामलों में प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव को विधायकों द्वारा भेजे गए विकास प्रस्तावों पर शीघ्र निर्णय लेकर निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश भी दिए। बैठक में आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद और मैनपुरी के जनप्रतिनिधि तथा वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।