
अमेठी में मुख्य विकास अधिकारी सुश्री पूजा साहू (आईएएस) ने गुरुवार को विकास भवन स्थित विभिन्न विभागीय कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, कर्मचारियों की उपस्थिति, अभिलेखों के रखरखाव और कार्यालय व्यवस्था में कई गंभीर खामियां मिलने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई।जिला कार्यक्रम अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधिशासी अभियंता समेत कई अधिकारी अनुपस्थित पाए गए। वहीं कई कर्मचारियों के बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर उनका एक दिन का वेतन अग्रिम आदेश तक रोकते हुए स्पष्टीकरण तलब किया गया।निरीक्षण में कई कार्यालयों में अभिलेख अव्यवस्थित मिले, कंप्यूटर के तार बिखरे पाए गए और साफ-सफाई की स्थिति खराब रही। कर्मचारियों द्वारा आईडी कार्ड न पहनने और नाम पट्टिका न लगाने पर भी सीडीओ ने नाराजगी जताई।सीडीओ ने सभी कार्यालयाध्यक्षों को निर्देश दिए कि कर्मचारी समय से कार्यालय पहुंचे, उपस्थिति पंजिका का नियमित निरीक्षण हो और शासन की योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के लिए सूचना पट एवं बैनर लगाए जाएं।उन्होंने स्पष्ट कहा कि अनुशासनहीनता और लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा भविष्य में भी औचक निरीक्षण जारी रहेंगे।