
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। राजधानी लखनऊ के वृंदावन सेक्टर-18 स्थित डिफेंस एक्सपो ग्राउंड में 11 से 13 सितंबर तक आयोजित REV एक्सपो 2026 का सफलतापूर्वक समापन हुआ। उत्तर भारत के प्रमुख नवीकरणीय ऊर्जा एवं इलेक्ट्रिक वाहन प्लेटफॉर्म के रूप में आयोजित इस एक्सपो में 150 से अधिक सौर ऊर्जा और इलेक्ट्रिक वाहन कंपनियों ने भाग लिया।
तीन दिवसीय एक्सपो में सोलर पैनल, आधुनिक इनवर्टर, हाइब्रिड पावर बैकअप, ईवी चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर और बैटरी निर्माण से जुड़ी नवीन तकनीकों का प्रदर्शन किया गया। आयोजन में उद्योग जगत के विशेषज्ञों, नीति निर्माताओं और उपभोक्ताओं को एक मंच पर आने का अवसर मिला।
एक्सपो के माध्यम से कंपनियों के बीच व्यापारिक समझौतों और रणनीतिक साझेदारी की संभावनाओं को भी बढ़ावा मिला। आयोजकों के अनुसार, स्वच्छ ऊर्जा और टिकाऊ परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में REV एक्सपो 2026 महत्वपूर्ण मंच साबित हुआ। इससे उत्तर प्रदेश में नवीकरणीय ऊर्जा और इलेक्ट्रिक वाहन क्षेत्र में निवेश, तकनीकी नवाचार तथा जागरूकता को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।