
PARDARSHI VIKASH NEWS नई दिल्ली। महिला पहलवानों से जुड़े कथित यौन शोषण मामले में आज दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में सुनवाई होगी। इस दौरान कैसरगंज के पूर्व सांसद और भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह कोर्ट में पेश होकर अपना पूरक बयान दर्ज कराएंगे।कोर्ट ने उन्हें बयान पूरा करने का अंतिम अवसर दिया है। दिल्ली पुलिस द्वारा दाखिल आरोप पत्र में बृजभूषण शरण सिंह को आरोपी बनाया गया है। आज की सुनवाई में उनके पहले दिए गए बयान के शेष हिस्से को रिकॉर्ड किया जाएगा, जिसे पहले अधूरा छोड़ दिया गया था।इस बयान के दर्ज होने के बाद मामला अगली कानूनी प्रक्रिया में जाएगा, जिसमें ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद कोर्ट में इस प्रकरण पर बहस शुरू होने की संभावना है। माना जा रहा है कि नवंबर से पहले इस मामले में राउज एवेन्यू कोर्ट अपना फैसला सुना सकती है।इस केस की सुनवाई मार्च 2024 से लगातार तेज गति से चल रही है और अब तक 20 से अधिक बार सुनवाई हो चुकी है। मई और जून में भी कई बार इस मामले पर सुनवाई की गई है, जिसमें विभिन्न पक्षों के बयान दर्ज किए गए।फिलहाल बृजभूषण शरण सिंह दिल्ली में मौजूद हैं और इस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने पहले भी दिल्ली पुलिस की चार्जशीट पर सवाल उठाए थे और मामले को लेकर दिल्ली हाई कोर्ट में याचिका दाखिल की हुई है।