
पारदर्शी विकास ब्यूरो
पडरौना/कुशीनगर। उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के खिलाफ राष्ट्रगान के कथित अनादर के मामले को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को जिला मुख्यालय स्थित रविंद्र नगर थाने पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी कुशीनगर के तत्वावधान में हुए प्रदर्शन का नेतृत्व जिलाध्यक्ष रवींद्र विश्वकर्मा ‘राधे’ ने किया। कार्यकर्ताओं ने पुलिस को लिखित तहरीर सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और विधिक कार्रवाई की मांग की। जिलाध्यक्ष रवींद्र विश्वकर्मा ने कहा कि राष्ट्रगान देश की संप्रभुता और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्नाव में एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रगान के समय विधानसभा अध्यक्ष के मंच से चले जाने की घटना राष्ट्रीय प्रतीकों के प्रति गंभीर उपेक्षा है। पूर्व विधानसभा प्रत्याशी जहिरूद्दीन ने कार्यक्रम स्थल के सीसीटीवी फुटेज और उपलब्ध वीडियो की तकनीकी जांच कराने की मांग की। संगठन प्रभारी तारकेश्वर सिंह ने कहा कि संवैधानिक पदों पर बैठे लोगों द्वारा मर्यादा का उल्लंघन स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कार्रवाई न होने पर व्यापक आंदोलन की चेतावनी दी। मीडिया प्रभारी देशदीपक मिश्रा ने प्रत्यक्षदर्शियों, अधिकारियों और आयोजकों के बयान दर्ज कराने की मांग की। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।