
कमीशन बढ़ाने और न्यूनतम मासिक आय की गारंटी की मांग, चेतावनी—मांगें न मानी गईं तो होगा प्रदेशव्यापी आंदोलन
पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर। जिले के उचित दर विक्रेताओं ने शुक्रवार को अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश के पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में राशन विक्रेताओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर लाभांश (कमीशन) बढ़ाने और न्यूनतम मासिक आय की गारंटी सुनिश्चित करने की मांग की।ज्ञापन में एसोसिएशन ने कहा कि उत्तर प्रदेश में उचित दर विक्रेताओं को प्रति क्विंटल मिलने वाला लाभांश देश के कई अन्य राज्यों की तुलना में काफी कम है। लगातार बढ़ती महंगाई, परिवहन व्यय, दुकान संचालन, बिजली, श्रम और अन्य खर्चों के बीच वर्तमान कमीशन में दुकान का संचालन करना और परिवार का भरण-पोषण करना बेहद कठिन हो गया है।राशन विक्रेताओं का कहना है कि यदि लाभांश में बढ़ोतरी की जाती है और न्यूनतम मासिक आय की व्यवस्था लागू होती है, तो उचित दर की दुकानों का संचालन अधिक प्रभावी ढंग से हो सकेगा। इससे उपभोक्ताओं को भी समयबद्ध और बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना आसान होगा।एसोसिएशन ने सरकार से मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील करते हुए चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों की अनदेखी की गई तो प्रदेशभर के उचित दर विक्रेता आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। ज्ञापन पर संगठन के पदाधिकारियों सहित विभिन्न क्षेत्रों के राशन विक्रेताओं के हस्ताक्षर भी दर्ज हैं।