
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। एमजी कॉलेज में आयोजित विकास प्रदर्शनी में महापौर प्रमिला पांडे ने केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जमकर सराहना की। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए ऐतिहासिक कार्य किए हैं। महापौर ने कहा कि महिलाओं को ‘इज्जत घर’ (शौचालय), घर-घर रसोई गैस कनेक्शन और राशन कार्ड में नाम दर्ज कर घर की मुखिया बनाने जैसी योजनाओं से वास्तविक बदलाव आया है। उन्होंने भावुक अंदाज में कहा कि आज महिलाएं अपने घर की असली मुखिया बन चुकी हैं और यह सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि है।उन्होंने यह भी घोषणा की कि शहर में जहां भी विकास कार्यों की कमी होगी, उसे जल्द पूरा कराया जाएगा। साथ ही महापौर ने बताया कि 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी बुजुर्गों का आयुष्मान कार्ड बनाया जाएगा, जिससे उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और निःशुल्क इलाज मिल सकेगा।कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में सरकार द्वारा किए गए कार्यों को विस्तार से बताना आसान नहीं है, क्योंकि योजनाएं बड़े स्तर पर लागू की गई हैं और लगातार विकास कार्य जारी हैं।महापौर ने दावा किया कि कानून-व्यवस्था में सुधार के कारण प्रदेश में महिलाएं अधिक सुरक्षित महसूस कर रही हैं। कार्यक्रम में नगर आयुक्त, पार्षद और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे, जिन्होंने सरकारी योजनाओं की जानकारी ली।
केंद्र और राज्य सरकार ने महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए ऐतिहासिक कार्य किए हैं। शौचालय, रसोई गैस और राशन कार्ड जैसी योजनाओं से महिलाओं का जीवन पूरी तरह बदल गया है। आज महिलाएं आत्मनिर्भर होकर घर की असली मुखिया बन रही हैं और सम्मान के साथ जीवन जी रही हैं। - महापौर प्रमिला पांडे