news-details

रिश्तेदार पर बैग चोरी और मारपीट का आरोप, कार्रवाई के लिए एसपी कार्यालय पहुंची महिला

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS कानपुर देहात। डेरापुर थाना क्षेत्र के सरदारपुर गांव निवासी रीना देवी ने रिश्तेदार पर बैग चोरी करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत की है। पीड़िता का कहना है कि कई दिनों से थानों के चक्कर लगाने के बावजूद उसकी सुनवाई नहीं हो रही है।रीना देवी के अनुसार, वह 15 जून को अपने भाई के घर आयोजित मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने गई थीं। 17 जून को कार्यक्रम खत्म होने के बाद वह बच्चों के साथ घर लौट रही थीं। इसी दौरान अकबरपुर ओवरब्रिज के पास रिश्तेदार सोनू उर्फ ज्ञानेंद्र मिला और मुंगीसापुर छोड़ने की बात कहकर बाइक पर बैठा लिया।आरोप है कि अकबरपुर से करीब तीन किलोमीटर आगे कृपालपुर के पास आरोपी ने बाइक रोक दी। जब वह बच्चे को बाथरूम कराने लगीं, तभी आरोपी उनका बैग लेकर फरार हो गया। बैग में करीब एक किलोग्राम चांदी के आभूषण, 20 हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन रखा था।पीड़िता ने बताया कि बैग वापस मांगने के लिए वह आरोपी की तलाश में आलापुर थाना गजनेर पहुंचीं, जहां आरोपी अपने साथी के साथ मिला। आरोप है कि बैग मांगने पर दोनों ने उनके साथ मारपीट की और पुलिस पहुंचने से पहले फरार हो गए।रीना देवी ने बताया कि आरोपी लगातार फोन पर धमकी दे रहे हैं। उन्होंने पहले डेरापुर और अकबरपुर थाने में शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद वह एसपी कार्यालय पहुंचीं। उनका आरोप है कि वहां भी उनकी शिकायत एक महिला सिपाही ने सुनी और उन्हें चौकी भेज दिया गया।पीड़िता ने पुलिस अधिकारियों से मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मामले में पुलिस जांच कर रही है।