news-details

रेप आरोपी की गिरफ्तारी न होने से नाराज पीड़िता 3 वर्षीय बच्चे संग मोबाइल टॉवर पर चढ़ी

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS गोंडा। जिले में सोमवार को एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई, जब रेप पीड़िता अपने तीन वर्षीय बच्चे को साथ लेकर करीब 80 फीट ऊंचे मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई। महिला का आरोप है कि उसके साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बावजूद पुलिस अब तक उसे गिरफ्तार नहीं कर पाई है।जानकारी के अनुसार, तरबगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला सुबह करीब 9 बजे कोतवाली क्षेत्र स्थित रघुकुल विद्यापीठ परिसर में पहुंची और अपने बच्चे को साड़ी से कमर में बांधकर मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई। वह टॉवर पर काफी ऊंचाई पर बैठ गई और नीचे उतरने से इनकार कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी पहुंच गए। एएसपी पूर्वी अजीत कुमार पाठक, डीएम आलोक कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट समेत कई अधिकारी महिला को समझाने का प्रयास करते रहे। महिला ने अधिकारियों को फोन पर बताया कि गांव के ही एक व्यक्ति ने उसके साथ दुष्कर्म किया था और शिकायत दर्ज कराने के बाद भी आरोपी खुलेआम घूम रहा है तथा उसे परेशान कर रहा है।महिला और उसके बच्चे की सुरक्षा को देखते हुए फायर ब्रिगेड और पुलिस कर्मियों को पानी व बिस्कुट लेकर टॉवर पर भेजा गया। अधिकारियों ने कार्रवाई का आश्वासन दिया, लेकिन महिला आरोपी की गिरफ्तारी तक नीचे उतरने को तैयार नहीं हुई।इस बीच आरोपी की मां ने भी वीडियो कॉल के जरिए महिला से बात कर नीचे उतरने की अपील की। उन्होंने परिवार की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिलाया, लेकिन महिला अपनी मांग पर अड़ी रही।प्रशासन का कहना है कि महिला और उसके बच्चे को सुरक्षित नीचे उतारना प्राथमिकता है। वहीं पुलिस का दावा है कि आरोपी की तलाश के लिए टीम भेजी गई है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।